chhammakchhallokahis

रफ़्तार

Total Pageviews

छम्मकछल्लो की दुनिया में आप भी आइए.

Pages

www.hamarivani.com
|
Showing posts with label देवी. Show all posts
Showing posts with label देवी. Show all posts

Wednesday, December 19, 2012

देवी और बलात्कार


लड़की,
मत निकलो घर से बाहर।
देवियों की पूजावाला है यह देश।
हम बनाते है बड़ी-बड़ी मूर्तिया, देवी की-
सुंदर मुंह,
बड़े- बड़े वक्ष
मटर के दाने से उनके निप्पल,
भरे-भरे नितंब
जांघों के मध्य सुडौल चिकनाई।
उसके बाद ओढा देते हैं लाल-पीली साड़ी।
गाते हैं भजन- सिर हिला के, देह झूमा के।
लड़की,
तुम भी बड़ी होती हो इनही आकार-प्रकारों के बीच।
दिल्ली हो कि  बे- दिल
तुम हो महज एक मूर्ति।
गढ़ते हुए देखेंगे तुम्हारी एक-एक रेघ
फिर नोचेंगे, खाएँगे,
रोओगी, तुम्ही दागी जाओगी-
क्यों निकली थी बाहर?
क्यों पहने तंग कपड़े?
क्यों रखा मोबाइल?
लड़की!
बनी रहो देवी की मूर्ति भर
मूर्ति कभी आवाज नही करती,
बस होती रहती है दग्ध-विदग्ध!
नहीं कह पाती कि आ रही है उसे शर्म,
हो रही है वह असहज
अपने वक्ष और नितंब पर उनकी उँगलियाँ फिरते-पाते।
सुघड़ता के नाम पर यह कैसा बलात्कार?
लड़की- तुम भी देवी हो-
जीएमटी हो कंचक,
पूजी जाती हो सप्तमी से नवमी तक
लड़की-
कभी बन पाओगी मनुष्य?




Monday, May 16, 2011

तस्वीर की देवी की लाज बचाओ, घर की देवी की- चिथडे कर आओ!!


     वाह, वाह, वाह!!! समझ में आ गया भारतीयों की ताक़त का. इस धरती पर हैं कोई फैशन डिजाइनर लीसा ब्ल्यू. बना दी उन्होंने स्विम सूट, लगा दी उसके साथ देवी लक्ष्मी की तस्वीर. बस जी, फिर क्या है! पता चला कि पूरे विश्व में जो 135 करोड भारतीय हैं, उन सभी का खून गया खौल गया. छम्मकछल्लो का खून अभी भी ठंढा पडा है. पता नहीं, अब उसे 135 भारतीयों मे गिना जाएगा कि नहीं. फेसबुक आंदोलन का बहुत बडा केंद्र है, इसी से पता चला. अब जंतर-मंतर जाने की जरूरत नहीं. यहीं से अभियान चलाइये, जीत जाइये. फिर विजय के लम्बे चौडे कशीदे काढिए, खुद से ही खुद की पीठ ठोकिए. जैसे कि एक भाई ने किया.
      धर्म से आजकल सभी को बहुत डर लगता है. पहले धर्म मन का डर मिटाता था, अब बढाता है. बडे बडी से बडी हस्ती धर्म से डर कर तथाकथित भगवान की मौत पर आंसू बहाती हैं तो यह अदना सी लीसा क्या चीज है? उसने माफी भी मांग ली, तस्वीर भी हटा ली. फेसबुकिया भाई का सीना गर्व से विश्व के नक्शे जितना चौडा हो गया. उनकी रण दुंदुभी बज उठी- दिखा दो गोरों को कि हम भारतवासी ऐसे हैं कि अगर कोई हमसे मांगेगा तो बेटे दे देंगे, मगर कोई गद्दारी करेगा तो हम उसका बाप भी छीन लेंगे.” बेटे ही देने की बात क्यों भाई! बेटी देने की क्यों नहीं?? छम्मकछल्लो के इस सवाल का संकट समझें भाई!! बेटी घर की इज्जत है. कैसे दी जा सकती है? बेटे तो इज्जत ले आते हैं न दूसरों की!   
      छम्मकछल्लो को एक नारा याद आया- शायद कुछ इस तरह है- खीर मांगोगे, खीर देंगे, कश्मीर मांगोगे, चीर देंगे.” फेसबुकिया भाई ने किसी की टिप्पणी भी अपने समर्थन में लगा डाली- “हमारे देश मे इन देवियों को माता कहते हैं, बेटियाँ कहते हैं, बहुए कहते हैं, बहनें कहते हैं. आप बताइए भला हम हमारी माँ बहनों के अपमान पर कैसे चुप रह जाएँ. पत्थर की मूरत और कागज पर छपी तस्वीर को हम छोड़ दे, लेकिन भला अपने परिवार की इन शक्तियों का अपमान कैसे होने दे जो हमारी ताकत है, हमारा सम्मान है, हमारा स्वाभिमान है, हमारी जान है, हमारी जननी है, हमारी पालन करनी है,
      छम्मकछल्लो का दिल बाग-बाग हो गया. कोई तो मिला जो घर की मां, बहनों, बेटियों के स्वाभिमान की बात कर रहा है. सो, वह भी लपक कर इस ललकार में शामिल हो गई. वह भी ललकार कर कह रही है- तस्वीर की और धर्म की देवी, जिसे ना कभी देखा, ना सुना, उस पर विजय का गुनगान करनेवाले ऐ सभी भारतीयो! खडे हो जाओ एकजुट हो कर भ्रष्टाचार के खिलाफ. है इतनी हिम्मत तो काट आओ उनके गले, जो जाति और धर्म के नाम पर अपने ही भारत की महिलाओं का नंगा जुलूस निकालते हैं. दफन कर दो उनको, जो अपने ही भारत की मासूम बच्चियों को अपनी हवस का शिकार बनाते हैं. जिंदा गाड आओ उन मां-बाप को, जो अपने ही बालिग बच्चों को अपनी पसंद से शादी करने के लिए उनकी जान ले लेते हैं. आंखें फोड दो उनकी, जो तुम्हारी बहू बेटियों पर कुदीठ लगाते हैं. काट डालो जीभ उनकी, जो तुम्हारी बहू बेटियों को देख कर लार चुलाने लगते हैं. खपच डालो उनका वह अंग, जो तुम्हारी बहू बेटियों को देखते ही खुजली से भर जाता है.  तस्वीर की देवियों को माता, बहनें, बेटियां कहते हैं तो तस्वीर से इतर इस देश की जीवित देवियों को भी माताएं, बहनें, बेटियां कहते होंगे. तो, अपने ही प्यारे भारत की जीवित देवियों की जान और लाज बचाओ, हे महा वीरो! देश की देवियों के साथ सारे अत्याचार अपने ही महान भारतवासी कर रहे हैं, कोई लीसा ब्ल्यू नहीं. तस्वीर की देवी की लाज बचाकर भारतीयता का दम्भ भरनेवाले, भारतीयता को सही भारतीयता से जोडो और अपनी नपुंसक विजय की दुंदुभी पीटने से बाज आओ. 

Friday, November 12, 2010

क्या देवियों को माहवारी नहीं आती?

   छम्मकछल्लो परेशान रहती है. तन की परेशानी तो वह झेल लेती है, मगर मन अहमक बडा बेहूदा है. जब-तब, जिस तिस रूप में उसे परेशान करता रहता है. सबसे बडी परेशानी तो यही है कि वह लडकी बनकर क्यों जन्मी? लडकी नहीं बनती तो लडकी से सम्बंधित परेशानियों से दो चार नहीं होती और ना ही अपने ही कारण अपनी ही परेशानी का सबब बनती.
    छम्मकछल्लो को ऊपरवाले विधाता, नियामक या निसर्ग से कोई परेशानी नहीं है. उसने तो इतना बढिया मनुज तन हमें दे कर भेजा है इस धरती पर. मगर इस धरती के विधाता या नियामक की बडी बडी बातें वह समझ नहीं पाती. क्या करे! औरत जो ठहरी! कम अकल, मूढ मगज!
    ये सभी विधाता या नियामक देवियों की बातें करते हैं. छम्मकछल्लो की समझ में यही आता है कि देवियां तो स्त्री रूप ही हुईं. इन विधाताओं या नियामकों को भी उनको स्त्री मानने से कोई उज़्र नहीं, मगर स्त्रियों की स्त्रियोचित बातों को मानने समझने से है. छम्मकछल्लो की परेशानी बढ जाती है जब ये सभी विधाता या नियामक देवी को अलग और स्त्रियों को अलग करके देखने लगते हैं. स्त्री को देवी के रूप में देखते ही वह सर्वशक्तिमान, समर्थ, दुश्मनों का नाश करनेवाली, सभी दुखों को दूर करनेवाली हो जाती हैं और इसी देवी के स्त्री रूप में परिवर्तित होते ही वह सभी बुराइयों की जड, कमअक्ल, मूरख, वेश्या, छिनाल, वस्तु, नरक की खान और जाने क्या क्या हो जाती है.
    छम्मकछल्लो को लगता है कि कभी भूलवश किसी सिरफिरे संत या विचारक ने स्त्रियों को देवी की परम्परा में डाल दिया, जिसे हमारे महान लोग अबतक आत्मसात नहीं कर पाए, इसलिए उसको कमअक्ल, मूरख, वेश्या, छिनाल, वस्तु, नरक की खान जैसे तमाम विशेषणों से अलंकृत करके छोड दिया कि “ले, बडी देवी बनकर आई थी हमारे सर चढने, अब भुगत!”
    छम्मकछल्लो इस समाधान से खुश हो गई. लेकिन उसके दिमाग में फिर भी एक कीडा काटता रहा. वह यह कि स्त्री से परे देवी की परिकल्पना सुंदर, सुडौल, स्वस्थ रूप में की जाती है. सभी देवियों की मूर्तियां देख लीजिए. सुंदर, सुडौल, स्वस्थ देवी की परिकल्पना से छम्मकछल्लो के कुंद दिमाग में यह भी आने लगता है कि इस सुंदर, सुडौल, स्वस्थ देवी को स्त्री शरीर की रचना के मुताबिक माहवारी भी आती होगी? और यदि माहवारी आती है तब तो उनके लिए भी मंदिरों के पट चार दिनों के लिए बंद कर दिए जाने चाहिए? उन्हें भी अशुद्ध माना जाना चाहिए. अपनी जैवीय संरचना के कारण ऋतुचक्र में आने पर स्त्रियों को अशुद्ध माना जाता है, तो देवियों को क्यों नहीं? वे भी तो स्त्री ही हैं. एक बार कहीं पढा कि देवी के एक मंदिर की चमक अचानक कम पाई गई. एक अभिनेत्री ने अपने अपराध बोध से उबरते हुए कहा कि वह उस मंदिर में अपनी माहवारी के समय गई थी. वो हंगामा बरपा कि बस. छम्मकछल्लो पूछना चाहती थी कि मंदिर देवी का, मंदिर मे माहवारी के दौरान जानेवाली भी स्त्री, तब देवी क्या बिगडैल सास बन गई कि अपनी ही एक भक्तिन से पारम्परिक सास-बहू वाला बदला निकालने लगी और अपनी चमक कम कर बैठी. छम्मकछल्लो को तो यही समझ में आया कि ज़रूर उस समय देवी को भी माहवारी आई होगी, अधिक स्राव हुआ होगा. अधिक स्राव के कारण क्लांत हो कर मलिन मुख हो गई होंगी. विधाताओं या नियामकों ने डॉक्टरों को तो दिखाया नहीं होगा. वैसे भी छोटी छोटी बीमारियों में औरतों को डॉक्टरों के पास ले जाने का रिवाज़ कहां है अपने यहां? बस, प्रचार कर दिया कि वे अशुद्ध हो गईं.
   देवी को पता नहीं किन किन नदियों के जल से शुद्ध किया गया होगा. छम्मकछल्लो फिर से फेर में पड गई कि यह शुद्धि भी किससे? नदियों से. नदियां भी तो स्त्री रूप ही मानी जाती हैं ना! तभी उसके दिमाग की घंटी बजी, नहीं, नहीं, शुद्धि नदियों से नहीं, नदियों के जल से. अब जल, पानी, नीर सभी पुरुष माने गए हैं. तो आ गए न राम की तरह उद्धारकर्ता जल महाशय! ज़रा समझाइये इस मूरख छम्मकछल्लो को. खामखां फितूर पैदा करती रहती है.