chhammakchhallokahis

रफ़्तार

Total Pageviews

छम्मकछल्लो की दुनिया में आप भी आइए.

Pages

www.hamarivani.com
|
Showing posts with label सम्मान. Show all posts
Showing posts with label सम्मान. Show all posts

Friday, January 21, 2011

मूरख! अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय सम्मान ऐसे थोडे ना मिलता है!

छम्मकछल्लो खुश है. उसे एक कहावत याद आ गई-‘बदनाम हुए तो क्या नाम न होगा?” छम्मकछल्लो का भी नाम है, यह जानकर वह और भी खुश है. इतना नाम कि उसे सम्मानित करने का प्रस्ताव आ गया. साहित्यकारों को सम्मानित करने की बात पर उसे बाबा नागार्जुन का कथन याद आता है- ‘जब मुंह में दांत और पेट में आंत थे, तब किसी ने नहीं किया सम्मानित. अब मुंह में न दांत है और पेट में न आंत, तो सभी सम्मानित कर रहे हैं.
छम्मकछल्लो भी उसी उम्र के इंतज़ार में थी कि बीच में ही उसे सम्मानित करने का प्रस्ताव आ गया. मन हुआ, कहे, “अभी तो उसके मुंह में दांत भी है और पेट में आंत भी. तो सम्मानित कैसे कर रहे हैं?” मगर लगा कि जब टीवी और फिल्म में मां और सास अपने बेटे बेटी और बहू की बडी बहन जैसी उम्र की होने लगी है, तो शायद यह अभिनव परिवर्तन साहित्य के क्षेत्र में भी हो गया होगा. भरी जवानी में (साहित्य में 50 की उम्र जवान ही है) कोई तुझे सम्मानित करा रहा है तो करा ले ना मूरख.”
सज्जन ने फोन किया- “मैथिली के इस अंतर्राष्ट्रीय मंच पर हम आपको सम्मानित करने जा रहे हैं. सहमति दीजिए.”
सहमति सोने का सिक्का तो है नहीं. दे दी.
“नाम लिखवा दीजिए, स्पेलिंग मिस्टेक ना हो.” चलो जी, लिखवा दिया.
“ठीक है, आप इस जगह पर आ जाइयेगा.”
छम्मकछल्लो ने निर्लज्जता से पूछा-, “समारोह स्थल पर वह खुद से पहुंच जाएगी, मगर चेन्नै से मुम्बई तक वह कैसे जाएगी?” सज्जन ने भी उतनी ही निर्लज्जता से कहा कि यह हमारी व्यवस्था में नहीं है.
यह अंतर्राष्ट्रीय मंच है. अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपने द्वारा सम्मानित करनेवालों के लिए उनके पास कोई व्यवस्था नहीं है. सज्जन ने साफ किया, “हमेंलगा कि आप मुंबई में हैं.”
छम्मकछल्लो खुश है उनकी साफगोई पर. कई तो कह देते हैं, “आ जाइये, हम देख लेंगे.” बाद में सहमति का वह ‘देख लेना’ असहमति और असम्मान का झोलंगा बन जाता है. छम्मकछल्लो के साथ कोलकाता में कुछ साल पहले ऐसा हुआ, जब उसके नाटक “पीर पराई” के मंचन के समय उसे सादर(?) बुलाया गया, हवाई जहाज से. आजतक किराए का भुगतान हो रहा है.
सम्मान का यह नज़ारा हर जगह है. एक राजभाषा सम्मान समारोह में आयोजक ने लगभग सभी को सम्मानित कर दिया. शॉल कम पड गए. उन्होंने सम्मानित किए व्यक्तियों के बदन के शॉल ले ले कर दूसरो को सम्मानित कर डाला. फोटो में सब आ गए. सम्मान करनेवाला भी खुश, सम्मान पानेवाला भी खुश. राजभाषा सम्मान के दूसरे आयोजक कहते (अघोषित) हैं, “प्रथम द्वितीय, तृतीय पुरस्कार आपके बैनर/विज्ञापन राशि के आधार पर दिया जाता है. जितना बडा विज्ञापन, उतना बडा इनाम.
हिंदी के एक कवि अपने ही नाम से अखिल भारतीय स्तर (?) का पुरस्कार देते हैं. पुरस्कार राशि अभी भी सौ के आंकडे में है, सम्मान पाने की शर्त है, “आपको मुंबई अपने खर्चे से आना-जाना, रहना, खाना है. न आने की स्थिति में पुरस्कार डाक से भेज दिया जाएगा.”
एक तथाकथित अंतर्राष्ट्रीय फोरम है, सभी से Who is who? की जानकारी लेते हैं. बडे भव्य तरीके से छापने की गौरव गाथा बयान करते है और साथ में एक अच्छी खासी राशि अमेरिकी डॉलर में मांगते हैं. लोग देते भी हैं, अकह्बारों में फख्र के साथ छपाते हैं कि उनका नाम इस संस्था के लिए चयनित हुआ है.
हमारे भीतर भी शर्म नहीं है और हमारी निर्लज्जता का फायदा ये उठाते हैं. हम ऐसी जगहों पर भी अपनी प्रविष्टियां भेजते हैं, सम्मानित होने की ललक में दौडे चले आते हैं. उनके नौ की लकडी में अपने नब्बे खर्चते हैं. आयोजकों के मज़े हैं- “हर्र लगे ना फिटकिरी, रंग चोखा आए.”
छम्मकछल्लो अहमक है, मूर्ख है. उसने आयोजक के चोखे रंग में रंगने से इंकार कर दिया. पर उसे पता है, आयोजक किसी और मुल्ले को पकडेंगे, वे जाएंगे, सम्मानित होंगे, सम्मान की अपनी फोटो अपने ही कैमरे या मोबाइल से खिंचवाएंगे, उसे अपने ड्राइंगरूम में लगाएंगे, उसका जगह जगह बखान करेंगे. आखिर को सम्मानित हुए हैं भाई! अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय सम्मान ऐसे थोडे ना मिलता है!

Saturday, December 19, 2009

विभा रानी को प्रथम "राजीव सारस्वत स्मृति सम्मान"


छम्मकछल्लो का एक प्रयास यह भी.


http://mohallalive.com/2009/12/19/vibha-rani-get-first-rajeev-saraswat-memorial-award/

http://hindi-khabar.hindyugm.com/2009/12/vibha-rani-rajiv-saraswat-smriti-samman.html

प्रथम "राजीव सारस्वत स्मृति सम्मान" सुप्रसिद्ध लेखक विभा रानी को आज के आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया. राजीव सारस्वत हिन्दुस्तान पेट्रोलियम में प्रबंधक (राजभाषा) के रूप में कार्य कर रहे थे. पिछले साल यानी 2008 के 26/11 के आतंकवादी हमले के वे शिकार हो गए. हादसे के वक़्त वे ताज होटल में कंपनी की तरफ से दी गई अपनी ड्यूटी पर थे. ताज होटल, ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस, नरीमन हाउस -इन सभी पर उस रात आतंकवादियों ने कहर ढाया था, जिसकी चपेट में सैकडों लोग आ गए थे. राजीव सारस्वत भी उनमें से एक थे. राजीव न केवल एक कुशल अधिकारी थे, बल्कि एक कुशल वक्ता, चुटकीदार कवि, अच्छे मंच संचालक भी थे. हाज़िरजवाबी भी उनकी बडी तेज़ तर्रार थी. मुंबई की कई साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्थाओं से वे जुडे हुए थे और उनकी गतिविधियों में नियमित रूप से उनकी शिरकत रहती थी.

उनकी स्मृति में उनके नियोक्ता हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने "राजीव सारस्वत स्मृति सम्मान" का गठन किया. इसके तहत हिन्दी को सृजनात्मक तरीके से आगे बढानेवाले को यह सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई. इसी के तहत इस साल का प्रथम "राजीव सारस्वत स्मृति सम्मान" विभा रानी को 18 दिसम्बर, 2009 को आयोजित कार्यक्रम में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के निदेशक (मानव संसाधन) श्री वी विजियासारधि के द्वारा प्रदान किया. सम्मान के तहत शॉल व प्रमाणपत्र के अतिरिक्त 10001/- की राशि का चेक दिया गया.

विभा रानी हिन्दी व मैथिली की सुपरिचित कथाकार, नाटककार, रंगमंच की कुशल अभिनेत्री व् सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता हैं. हिन्दी व मैथिली में अबतक उनकी बारह से भी अधिक किताबें आ चुकी हैं. दस से अधिक नाटक वे लिख चुकी हैं. 'सावधान पुरुरवा', दुलारीबाई', पोस्टर', 'कसाईबाडा', 'मि. जिन्ना', 'लाइफ इज नॉट ए ड्रीम', 'बालचन्दा' जैसे नाटकों व 'चिट्ठी', 'धधक' जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं. फिल्म्स डिविजन की फिल्में 'जयशंकर प्रसाद' व 'भारतेन्दु हरिश्चन्द्र' का लेखन कर चुकी हैं. कई टीवी कार्यक्रमों के लिए वे वॉयसओवर का काम भी किया है. रेडियो की वे पुरानी आवाज़, नाटक कलाकार हैं और अभी भी रेडियो से कथाओं के माध्यम से जुडी हुई हैं. विभिन्न सामाजिक विषयों पर वे अपनी तंज शैली में छम्मकछल्लोकहिस ब्लॉग लिखती हैं. 'छुटपन की कविताएं' तथा 'बस यूं ही नहीं' उनके अन्य ब्लॉग हैं. इनके अलावा विभा 'नो योरसेल्फ बेटर', सेल्फ एक्सप्लोरेशन', टाइम मैनेजमेंट', गिल्ट मैनेजमेंट' जैसे बिहेवियरल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का संचालन करती हैं और मुख्य धारा के बच्चों के लिए थिएटर वर्कशॉप आदि का भी आयोजन करती हैं.

सामाजिक गतिविधियों में भी विभा की सक्रिय सहभागिता रही है. उनके सामाजिक योगदान में सबसे प्रमुख है- वंचित वर्ग के बच्चों को शैक्षणिक सहायता उपलब्ध कराना, वृद्धाश्रमों के लिए कार्यक्रम आयोजित करना और उनसे भी महत्वपूर्ण है, मुंबई और पुणे की जेलों के बन्दियों और महिला बन्दियों के बच्चों के साथ कला, थिएटर, साहित्य आदि के माध्यम से उनके मध्य सार्थक हस्तक्षेप करना. वर्तमान में "निर्मल आनंद सेतु' कार्यक्रम के माधय्म से वे लगातार बन्दियों के साथ संवाद कर रही हैं ताकि उनके जीवन में गुणात्मक परिवर्तन आए. सम्मान ग्रहण करते समय विभा ने सम्मान के प्रति अपना आभार व्यक्त किया उअर कहा कि सम्मानस्वरूप मिली राशि का उपयोग समाज के विभिन्न वंचित वर्ग के लिए आयोजित कार्यक्रमों में किया जाएगा.

Tuesday, April 28, 2009

अपने होने का गौरव -बोध

चुनाव नज़दीक है, बल्कि देश के कई भागों में चुनाव शुरू भी हो चुके हैं। छाम्माक्छाल्लो के शहर मुम्बई में यह ३० अप्रैल को है। छाम्माकछाल्लो इस विचार में डूबी हुई है की किसे वोट दे? यह मात्र उसी की नहीं, बल्कि हर आम मतदाता की स्थिति है। हर मतदाता आज अपने आपसे पूछ रहा है की क्या हम भारतीय हैं? क्या हम भारतीयता का अर्थ समझते हैं? ऐसे कौन से तत्व हैं जो हमें अपने भीतर भारतीय होने का गौरव बोध कराये और हम भारतीय मूल्यों, परम्पराओं, प्रतीकों, संस्कृति आदि के असली और नकली रूप में भेद करा सकें।
देश सदियों से गुलाम रहा है। देखा जाए तो हम अभी भी मानसिक रूप से गुलाम हैं। ऐसा नहीं रहता तो आज अपने देश में हिन्दी और अन्य भारतीय भाषाओं की ऎसी हालत नहीं रहती। लोगों के दिमाग में यह बात बिठा नहीं दी जाती की अन्ग्रेज़ी जाने बिना कोई भी भारतीय तरक्की नहीं कर सकता। अपने ही परिधान हमें भार स्वरूप नहीं लगते। नेकटाई आन-बाण-शान का प्रतीक नहीं मानी जाती। छुरी-कांटे से ही खाना असली नफासत नहीं मानी जाती। भारतीय अतीत का केवल गुणगान नहीं किया जता, बल्कि उसे मनसा, वाचा, कर्मणा व्यवहार में लाया जता। भारतीयता महज एक फैंसी शब्द बनाकर नहीं रह गया होता। भारतीय संस्कृति के नाम पर हम झूठे रीति-रिवाजों और साद-गल चुकी मान्यताओं को नहीं धोते रहते। स्त्री को देवी माने जाने वाले देश में बेटी बचाओ जैसे नारे नहीं खोजने पड़ते। स्वयंवर की प्रथा वाले देश में मोरल पुलिसिंग के नाम पर लड़कियों के साथ वहशियाना सलूक नहीं किए जाते। रूखी-सूखी खाई के धंधा पानी पीव वाले देश में दहेज़ के नाम पर मासूमों की बलि नहीं ली जाती। हर स्त्री को लड़की को माँ-बहन-बेटी समझनेवाले देश में अबोध बच्चियां, दिन-रात यौन-पिपासा की पूर्ति का माध्यम नहीं बनातीं। भाई-भाई का प्रेम कहीं पिछवाडे पडा अन्तिम साँसे नहीं ले रहा होता। जिस देश को आजाद कराने मैं हमारे लाखों लोग शहीद हुए, उनके घर-परिवार तबाह हुए, ऎसी मशक्कत और मुशिक्लात से हासिल आजादी को अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए डाव पर नही लगाए होते। अपनी तिजोरी भरने में नहीं लगे होते। कृषि प्रधान देश में खेती की इतनी बुरी हालत नहीं हुई होती की किसान आत्म ह्त्या करें। किसान, मजदूर व् सर्वहाराओं के प्रति हमारे मन में इतनी उपेक्षा के भाव न भरे होते। नौकरी या सफ़ेद पोश कर्म हमारे बेहतर जीवन स्टार के प्रतिमान न मान लिए जाते। अपने स्वार्थों की पूर्ति के लिए प्राकृतिक संसाधनों का पर्यावरण के बिगड़ जाने की हद तक दोहन नहीं करते। वसुधैव कुटुम्बकम वाले हमारे देश में धर्म, भाषा, जाती के आधार पर खून-खराबे नहीं होते। देश की बुनियादी ज़रूरत -सुरक्षा के नाम पर हम दिन- रात दंगे और आतंक की भट्टी में नहीं झोंक दिए जाते। अपने ही राष्ट्र-गान और गौरव के प्रतीक उपमान साम्राज्यवाद की आंच में नहीं झुलस रहे होते।
हमें तय करना है की क्या ये सब जो ऊपर कहे गए हैं, हमारे भी व्यवहार में मौजूद हैं? और अगर ये सब मौजूद हैं तो क्या इन सबके बाद भी हमें ख़ुद को एक सच्चा भारतीय कहलाने में गौरव का अनुभव होता है? यदि हाँ तो हम स्वयं यह तय करें की हम कैसे भारतीय हैं? और यदि नहीं तो इन सबसे निजात पाने के क्या उपाय हैं? कैसे मन से गुलामी की जंजीर तोडी जाए, नफ़रत को मिटाया जाए, स्व-सम्मान को आगे बढाया जाए? मानव-माना का एक दूसरे पर विशवास कायम किया जाए? देश के निर्माण की फ़िर से यह बेला है। अपने देश का अच्छा कल हमें ही बनाना है। यह सब कैसे होगा, छाम्माक्छाल्लो इस विचार में डूबी हुई है। आप सब भी सोचें और बताएं।