Tensions in life leap our peace. Chhammakchhallo gives a comic relief through its satire, stories, poems and other relevance. Leave your pain somewhere aside and be happy with me, via chhammakchhallokahis.
Wednesday, April 8, 2020
मेरी शादी के लड्डू
Thursday, July 5, 2012
गुरु पूर्णिमा में निर्मल स्नान
Thursday, September 22, 2011
ये हुसैन नहीं, हारान हैं, इसलिए कोई बात नहीं!
दुर्गा पूजा आ रही है. देश और देवी का अपने यहां अन्योन्याश्रित सम्बंध है. देवी पर हमारी आस्था बहुत गहरी है. हमारी आस्था पर आक्रमण करनेवाले गद्दार और नालायकों को उनकी सजा देने में हम माहिर हैं. इतने कि चाहें तो इसके लिए कंसल्टेंसी खोली जा सकती है. प्रशिक्षण दिया जा सकता है. कंसल्टेंसी की एक्सपर्ट राय अथवा प्रशिक्षण देने के लिए छम्मकछल्लो से सम्पर्क करें.

छम्मकछल्लो दो दिन पहले एक
अखबार में देख रही थी दुर्गा पूजा के लिए बनाई जा रही प्रतिमाओं की तस्वीर. आप भी
देख लीजिए. आखिर, अपनी ही देवी है और बनानेवाले भी अपने ही हैं.
कोई एम एफ हुसैन नहीं कि उनकी लक्ष्मी-सरस्वती की पेंटिंग से हमारी हिंदू भावना
तार- तार हो जाए और हम उन्हें ऐसे दर-ब-दर कर दें कि मरने के बाद उन्हें अपने वतन
में दो गज ज़मीन भी मुहय्या न कराएं. यह कोई फैशन डिजाइनर लीसा ब्ल्यू नहीं, जिसके स्विम सूट पर लगी देवी लक्ष्मी की
तस्वीर पर ललकार-ललकार
कर लोगों के मन में आग लगा दें. यह तो अपने कोई राखाल दा, हारान दा, मोहन भाई, गिरिराज चाचा, रामसुख भैया हैं. ये देवियों की मूर्तियां नग्न बनाएं या
कपडे के साथ, कोई बात
नहीं. ये अपने लोग हैं, इसलिए इनकी भावना पर संदेह आपको नास्तिक बना देगा. इन पर न
तो कुदीठ डालिये, न ही मन
में कोई दुर्भावना लाइए. बिन
प्राण प्रतिष्ठा के राखाल दा, हारान दा, मोहन भाई, गिरिराज चाचा, रामसुख भैया की मूर्ति बस केवल मूर्ति है,
बिन प्राण प्रतिष्ठा के हुसैन की पेंटिंग या लीसा ब्ल्यू की तस्वीर प्रतिष्ठा-
प्रश्न बन जाते हैं. वे सब तो प्रश्न कर सकते हैं,
छम्मकछल्लो नहीं. धर्म का मामला है, आस्था का प्रश्न है. देवी की सत्ता स्थापित करने में हम
देवताओं की महानता है. आइये, इस महानता पर छम्मकछल्लो के साथ-साथ आप भी वारी-वारी जाएं-Friday, November 12, 2010
क्या देवियों को माहवारी नहीं आती?
छम्मकछल्लो को ऊपरवाले विधाता, नियामक या निसर्ग से कोई परेशानी नहीं है. उसने तो इतना बढिया मनुज तन हमें दे कर भेजा है इस धरती पर. मगर इस धरती के विधाता या नियामक की बडी बडी बातें वह समझ नहीं पाती. क्या करे! औरत जो ठहरी! कम अकल, मूढ मगज!
ये सभी विधाता या नियामक देवियों की बातें करते हैं. छम्मकछल्लो की समझ में यही आता है कि देवियां तो स्त्री रूप ही हुईं. इन विधाताओं या नियामकों को भी उनको स्त्री मानने से कोई उज़्र नहीं, मगर स्त्रियों की स्त्रियोचित बातों को मानने समझने से है. छम्मकछल्लो की परेशानी बढ जाती है जब ये सभी विधाता या नियामक देवी को अलग और स्त्रियों को अलग करके देखने लगते हैं. स्त्री को देवी के रूप में देखते ही वह सर्वशक्तिमान, समर्थ, दुश्मनों का नाश करनेवाली, सभी दुखों को दूर करनेवाली हो जाती हैं और इसी देवी के स्त्री रूप में परिवर्तित होते ही वह सभी बुराइयों की जड, कमअक्ल, मूरख, वेश्या, छिनाल, वस्तु, नरक की खान और जाने क्या क्या हो जाती है.
छम्मकछल्लो को लगता है कि कभी भूलवश किसी सिरफिरे संत या विचारक ने स्त्रियों को देवी की परम्परा में डाल दिया, जिसे हमारे महान लोग अबतक आत्मसात नहीं कर पाए, इसलिए उसको कमअक्ल, मूरख, वेश्या, छिनाल, वस्तु, नरक की खान जैसे तमाम विशेषणों से अलंकृत करके छोड दिया कि “ले, बडी देवी बनकर आई थी हमारे सर चढने, अब भुगत!”
छम्मकछल्लो इस समाधान से खुश हो गई. लेकिन उसके दिमाग में फिर भी एक कीडा काटता रहा. वह यह कि स्त्री से परे देवी की परिकल्पना सुंदर, सुडौल, स्वस्थ रूप में की जाती है. सभी देवियों की मूर्तियां देख लीजिए. सुंदर, सुडौल, स्वस्थ देवी की परिकल्पना से छम्मकछल्लो के कुंद दिमाग में यह भी आने लगता है कि इस सुंदर, सुडौल, स्वस्थ देवी को स्त्री शरीर की रचना के मुताबिक माहवारी भी आती होगी? और यदि माहवारी आती है तब तो उनके लिए भी मंदिरों के पट चार दिनों के लिए बंद कर दिए जाने चाहिए? उन्हें भी अशुद्ध माना जाना चाहिए. अपनी जैवीय संरचना के कारण ऋतुचक्र में आने पर स्त्रियों को अशुद्ध माना जाता है, तो देवियों को क्यों नहीं? वे भी तो स्त्री ही हैं. एक बार कहीं पढा कि देवी के एक मंदिर की चमक अचानक कम पाई गई. एक अभिनेत्री ने अपने अपराध बोध से उबरते हुए कहा कि वह उस मंदिर में अपनी माहवारी के समय गई थी. वो हंगामा बरपा कि बस. छम्मकछल्लो पूछना चाहती थी कि मंदिर देवी का, मंदिर मे माहवारी के दौरान जानेवाली भी स्त्री, तब देवी क्या बिगडैल सास बन गई कि अपनी ही एक भक्तिन से पारम्परिक सास-बहू वाला बदला निकालने लगी और अपनी चमक कम कर बैठी. छम्मकछल्लो को तो यही समझ में आया कि ज़रूर उस समय देवी को भी माहवारी आई होगी, अधिक स्राव हुआ होगा. अधिक स्राव के कारण क्लांत हो कर मलिन मुख हो गई होंगी. विधाताओं या नियामकों ने डॉक्टरों को तो दिखाया नहीं होगा. वैसे भी छोटी छोटी बीमारियों में औरतों को डॉक्टरों के पास ले जाने का रिवाज़ कहां है अपने यहां? बस, प्रचार कर दिया कि वे अशुद्ध हो गईं.
देवी को पता नहीं किन किन नदियों के जल से शुद्ध किया गया होगा. छम्मकछल्लो फिर से फेर में पड गई कि यह शुद्धि भी किससे? नदियों से. नदियां भी तो स्त्री रूप ही मानी जाती हैं ना! तभी उसके दिमाग की घंटी बजी, नहीं, नहीं, शुद्धि नदियों से नहीं, नदियों के जल से. अब जल, पानी, नीर सभी पुरुष माने गए हैं. तो आ गए न राम की तरह उद्धारकर्ता जल महाशय! ज़रा समझाइये इस मूरख छम्मकछल्लो को. खामखां फितूर पैदा करती रहती है.
Wednesday, July 21, 2010
प्रेम भी करोगे और जान भी नहीं लेंगे?
मगर छम्मकछल्लो क्या करे कि वह अपने महान हिंदू धर्म के पालन में अपने ही लोगों द्वारा कोताही बरती जाते देखकर दुखी पर दुखी हुई जा रही है. भाई लोग नाम लेते हैं हिंदू धर्म का और मानने से इंकार कर देते हैं इसी धर्म की बातों को. अब देखिए ना, हाथ का धर्म है देना, मगर हम ‘शोले’ के गब्बर सिंह की तरह कहते हैं- “ये हाथ मुझे दे दे ठाकुर.” इस तरह से गब्बर ठाकुर से हाथ मांगता नहीं, छीन लेता है. हम भी जान मांगते नहीं, छीन लेते हैं. प्रेम से जान मांगिए, लोग हथेली पर ले कर आपके सामने आ जाएंगे. मगर यही प्रेम तो सभी की जान का जंजाल बना है. इसलिए इस प्रेम की बात करेंगे तो आपकी भी जान ले ली जाएगी, सावधान!
खाप, मर्यादा, जाति, धर्म, प्रतिष्ठा और ना जाने किस किस नाम पर जान ले लेने की परम्परा बन गई है. कृष्ण के देश में प्रेम पर इतना बडा व्यभिचारी आरोप! ज़रा कुंती के पुत्र जन्म की बात सोच लीजिए. ज़रा माता सत्यवती के आग्रह पर वेदव्यास के कर्तव्य का स्वरूप सोच लीजिए, जिसके कारण धृतराष्ट्र और पांडु का और फिर माता सत्यवती के ही आग्रह पर वेदव्यास के पुण्य प्रताप से विदुर का जन्म हुआ. स्वयं माता सत्यवती से ही वेदव्यास के ही जन्म की गाथा जान लीजिए. ज़रा अर्जुन और सुभद्रा के विवाह के पहले के रिश्ते की जांच कर लीजिए. ज़रा अहिल्या के साथ इंद्र के और वृन्दा के साथ विष्णु के कारनामे की बात पर गौर कर लीजिए और फिर अपने महान धर्म का झंडा उठाकर गौरव से चलिए और प्रेम की राह चलते लोगों की जानें लेते रहिए.
कोई कहे इन वीर-बांकुरों से कि हे इस महान धरती के महान सपूत, इस तथाकथित जाति, गौरव, धर्म और गोत्र के नाम पर तुम ही अपनी जान दे दो, तो वे उछल कर चार मील दूर जा गिरेंगे और वहीं से आपकी जान लेने का फर्मान भी निकाल देंगे, जिस पर तुरंत ही कोई दूसरा अमल भी कर देगा. और वे तो चैतन्य चूर्ण और अमिय हलाहल मद भरे, स्वेत स्याम रतानार पर वारी वारी जाते हुए तनिक नखरीले नाजुक स्वर में कहते रहेंगे कि ना जी ना. हम जान देने के लिए थोडे ना बने हैं.
फिर उनका वीर रस जागेगा और वे हुंकारा भरेंगे कि “रामपुर के वासियो!” (यह भी गब्बर का सम्वाद है) हम तो लेने के लिए बने हैं. यही हमारी ताकत है. इस ताकत का आधार हमारा महान धर्म है. इस महान हिंदू धर्म के वेद-पुराण, गीता, रामायण, महाभारत के संदर्भ निकालोगे तो मां कसम हमें आपको भी धर्म विरोधी कहते और आपकी जान लेते देर नहीं लगेगी.
ओये जी, छोडो बुद्ध, महावीर की इस बात को कि आप किसी को जान दे नहीं सकते, तो ले कैसे सकते हैं? उसने कह दिया और हमने मान लिया, ऐसा होता है क्या? नियम ही मानने लग जाएं तो इस देश की निरुपमाएं, बबलियां बेटियां हो कर पैदा भी होती रहेंगी और दूसरी जाति या अपने गोत्र में ब्याह कर हमारी मूंछें भी मुंडाती रहेंगी. एक करेला खुद तीता, दूजा चढा नीम पर.
हां जी हां हम माने लेते हैं कि हां, हमारी मूंछ के बाल इतने कमजोर हैं कि अपने मन की ताकत से उसे ऊंची उठाए नहीं रख सकते? हम मन से इतने कमजोर हैं कि किसी के द्वारा हम पर एक व्यंग्य बाण छोड देने से हम इतने तिलमिला जाते हैं कि हम और किसी की नहीं, अपने ही बच्चों की जान ले लेते हैं? हमारा धर्म और हमारे संत तो सहनशीलता का अमिट पाठ पढाते आए हैं. मगर हम पाठ पढ ही लें तो जी हम बडे कैसे बने रहेंगे? बडे की बात तो तब है ना, जब हम आप सबके लिए आतंक का पर्याय बने रहें. नियम को माननेवाले से कोई डरता है क्या? जो नियम कायदे कानून तोडता है, देखिए, लोग उससे कैसे डरते हैं, चाहे वह चोर हो या डाकू, या जान देने के बदले जान ले लेनेवाले हम वीर-बांकुरे. देना तो कर्तव्य भाव दिखाता है और लेना अधिकार भाव. और हम अब काहे के लिए कर्तव्य के पीछे माथापच्ची करें? हमारा अधिकार हमारा अधिकार है और जो हमें हमारा अधिकार नहीं लेने देगा, उससे हम यह छीन लेंगे, चाहे उसके लिए अपने ही बच्चों की जान क्यों न लेनी पडे? आखिर वह हमारा बच्चा है. पाल रहे थे तो पूछा कि क्यों पाल रहे हो? जान ले ली तो पूछने आ गए. चल फूट यहां से!
Sunday, June 6, 2010
क्रिश्चन हो तो क्या हुआ?
छम्छम्मकछल्लो की एक दोस्त है. दोस्त की एक बेटी है. बेटी के हाथ में 12वीं का रिजल्ट है. रिजल्ट के साथ छुपे हैं कई कई सपने उसकी आंखों में. उनमें से एक है, मुंबई के दो बडे संस्थानों में पढने का. दोस्त की बेटी मुतमईन है कि अगर कट ऑफ से मार्क्स कम भी हुए तो उसे कोटा में तो एडमिशन मिल ही जाएगा. मुंबई में सभी शैक्षणिक संस्थानों पर उसके खोलनेवाले धर्म, सम्प्रदाय, कम्यूनिटी की प्रधानता रहती है, जिस समुदाय द्वारा उसे खोला गया है, उसके बच्चों को कम नम्बर मिलने पर भी एडमिशन मिलने की सम्भावना प्रबल रहती है.
दोस्त की बेटी जाती है, दोनों संस्थानों में. आवेदन देती है. उसे कहा जाता है-" यू विल नॉट गेट एडमिशन हेयर."
"बट व्हाइ सर?"
"बिकॉज़, यू डोंट बिलॉंग टू माइनॉरिटी."
"बट आ'म क्रिश्चय्न सर."
"सो व्हॉट! यू आ' नॉट अ कैथोलिक."
"सर. आ' मे नॉट बी ए कैथोलिक, बट आ'म अ क्रिश्च्न नो सर?"
दोस्त की बेटी लौट आती है मायूस होकर. उसकी आंखों में अब सपनों के बदले मायूसी है. मगर इसकी चिंता न तो धर्म के ठेकेदारों को है और ना ही धर्म समुदाय आदि द्वारा खोले गए शिक्षण संस्थानों के ठेकेदारों को. छम्मकछल्लो बचपन से सुनती आई है कि हिन्दू धर्म में ही इतने देवी-देवता, पंथ, सम्प्रदाय होते हैं. मुस्लिम और क्रिश्चन धर्म में ऐसा कोई भेद-भाव नहीं है. छम्मकछल्लो बचपन से देखती आई है कि सभी मुसलमान एक ही भाव से ईद की नमाज़ पढने जाते हैं, एक ही भाव से मुहर्रम के ताज़िए निकालते हैं, सभी क्रिश्चन एक ही भाव से क्रिस्मस और गुड फ्राएडे मनाते हैं. सभी मुसलमान पांचो वक़्त की नमाज़ अदा करते हैं. सभी क्रिश्चन हर रविवार की सुबह के 'संडे मास' में जाते ही जाते हैं. तो फिर यह भेद-भाव कैसा? छम्मकछल्लो को बहुत बाद में पता चला कि मुसलमान में शिया-सुन्नी होते हैं और क्रिश्चन में कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट्स. दोनों एक -दूसरे से खुद को बडा साबित करने पर तुले रहते हैं. शिया सुन्नी को और सुन्नी शिया को और कैथोलिक प्रोटेस्टेंट को और प्रोटेस्टेंट कैथोलिक को नफरत की निगाहों से देखते हैं. उनके बीच रोटी-बेटी का सम्बन्ध नहीं होने देते. छम्मकछल्लो ने एक बार इद्दत पर आधारित अपनी एक कहानी "बेमुद्दत" भोपाल में आयोजित एक अनौपचारिक गोष्ठी में सुनाई. भोपाल के बडे मशहूर लेखक वहां थे. उन्होंने कहानी को सिरे से नकार दिया यह कहकर कि यह मुसलमान के पृष्ठभूमि की कहानी नहीं है. उनमें ऐसा नहीं होता. बाद में कहा कि उन्हें मुसलमान के इस कौम बोरी मुस्लिम की जानकारी नहीं है. ए पता करेंगे और तब इसके बारे में बात करेंगे." छम्मकछल्लो ने वही कहानी पटना में अपने एक दोस्त -लेखक को दी. लेखक ने कहानी को तो नकारा ही, उन्होंने तो बोरी मुस्लिम, को ही नकार दिया यह कहते हुए कि " क्या बकवास कहानी है. और यह बोरी मुस्लिम क्या होते हैं? हम तो उनको मुसलमान मानते ही नहीं." जैसे हिन्दू धर्म के नुमाइन्दे शूद्रों को हिन्दू या मनुष्य मानते ही नहीं.
छम्मकछल्लो खुश है. धर्म-धर्म के बीच की लडाई नहीं, धर्म के भीतर की ही लडाई में हम बडे तो हम बडे, ''वो छोटा' तो 'वो घटिया", ' वो हमारे धर्म का नहीं' तो 'उसका हमारे धर्म से कोई लेना-देना नहीं" में लोग फंसे हैं. मंटो ने शिया-सुन्नी के आपसी विवादों को लेकर कई कहानियां लिखीं, दलित हिन्दुओं के खिलाफ लिखते हैं, कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट आपस में एक-दूसरे को नहीं मानते. सभी जगह धर्म की एक ही स्थिति है. वह थाली के बैगन की तरह है. जिसे जहां मर्ज़ी, वहां उसे लुढका देता है. काश कि धर्म के भी हाथ-पैर, दिल-दिमाग होते और वह एक स्वतंत्र अस्तित्व की तरह अपने बारे में अपना निर्णय ले सकता. तब शायद दोस्त की बेटी को नामांकन भी मिल जाता और छम्मकछल्लो की कहानी को कुछ सह्र्दय मुसलमान भी, खासकर मुसलमान-लेखक. मुसलमान लेखन जैसे विशेषण देते हुए छम्मकछल्लो बहुत तकलीफ महसूस कर रही है, मगर कई बार तकलीफ होते हुए भी हमें अपनी ज़बान खोलनी ही पडती है. छम्मकछल्लो के सामने उसकी दोस्त की बेटी का मायूस चेहरा है तो उसके सामने उस दोस्त का भी, जिसने अपनी 72 साला सास पर थोपे गए इद्दत की इस प्रथा पर गहरा दुख ज़ाहिर करते हुए कहा था कि अगर तुम कुछ इस पर लिख सकती हो तो लिखो.
Friday, May 22, 2009
हम हिन्दू वो मुसलमान है.
उसी स्कूल में दो और टीचर थीं. एक कृष्ण की उपासिका थीं और दूसरी राम की. दोनों के क्वार्टर्स एक दूसरे से सटे हुए थे. उसतानी जी को भी स्कूल में ही क्वार्टर मिला था, लेकिन वह थोड़ी दूर पर उनके क्वार्टरों से बिलकुल उलटी दिशा में था. इसलिए राम और कृष्ण की इन उपासिकाओं के लिए कोई संकट नहीं आया था.
स्कूल में सरस्वती पूजा खूब धूम धाम से होती. स्कूल में ही प्रसाद के लिए चूरन और बुंदिया बनते. पूजा के बाद सभी टीचर्स को ज़रा अच्छी मात्रा मैं अलग से प्रसाद मिलता. ज़ाहिर था कि एक हिस्सा उस्तानी जी के लिए भी होता. छम्मक्छल्लो को बड़ी हैरानी होती कि उस्तानी जी बड़े प्रेम भाव से उस प्रसाद को न केवल अपने यहाँ रखतीं, बल्कि उसे खातीं भी और अपनी शागिर्दों को खिलाती भी.
मगर उस्तानी जी या उनकी शागिर्दों के यहाँ से आई कोई भी चीज़ खाने की तो दूर, उसे छुआ भी नहीं जाता. खुद उस्तानी जी उसे किसी को भी नहीं देतीं. एक अलिखित सा व्यवहार था कि सभी हिन्दू घरों का खाना उनके यहाँ जाएगा, लेकिन उनके या अन्य मुसलमानों के यहाँ का खाना हिन्दुओं के घरों में देना तो दूर, उसके बारे में सोचा भी नहीं जा सकता था.
छम्मक्छल्लो के लिए बचपन से यह परेशानी का बायस बनता कि लोग उस्तानी जी के यहाँ का क्यों नहींं खाते. एक आम बच्चे की तरह उसने भी अपनी माँ से इस बाबत पूछा. सपाट जवाब मिला, "क्योंकि वे मुसलमान हैं." छम्मक्छल्लो ने फिर तर्क किया,"लेकिन वे तो हमारे घर का खाती हैं." "वे खा सकती हैं, हम नहीं." "मगर क्यों?" फिर वही जवाब कि "वे मुसलमान हैं." छम्मक्छल्लो ने फिर से कहा "तो क्या इसका मतलब कि हम हिन्दू बड़े हैं?" "हां." "मगर कैसे? वे तो हमारा खा लेते हैं तो कायदे से वे ही हमसे बड़े हुए." "बहस नहीं." तब छम्मक्छल्लो सचमुच में छोटी थी, मगर यह उलटबांसी उसे तब भी समझ नहीं आई थी, आज भी नहीं आती है. एक ही समय में एक धर्म बड़ा और एक छोटा कैसे हो जाता है? क्या अपनी उम्र से? यदि यह भी मान लिया जाए कि हिन्दू धर्म इस्लाम से बड़ा है तो बड़े को तो और भी सहिष्णु होना चाहिए. वै़से भी हम हिन्दू अपने-आपको बहुत सहिष्णु समझते हैं. ऐसे में छम्मक्छल्लो को आज तक समझ में नहीं आया कि एक मुसलमान एक हिन्दू के घर का तो खा-पी सकता है, मगर एक हिन्दू एक मुसलमान के घर का क्यों खा-पी नहीं सकता? मुसलमान की तो छोडिये, ये हिन्दू अपने ही हिन्दुओं से भेद-भाव करते है और तब वे धर्म की सीढी से उतरकर जाति के छज्जे पर जा बैठते हैं. छम्मक्छल्लो के स्कूल की जो राम-कृष्ण भक्त अध्यापिकाएं थीं, वे किसी के यहाँ का कुछ नहीं खाती-पीतीं. वज़ह कि वे अधिक भक्त हैं इसलिए किसी का छुआ नहीं खातीं. लेकिन वे यह अपेक्षा ज़रूर रखती थीं कि लोग उनके यहां की चीजें न केवल खाएं, बल्कि उस पर अपनी पूरी श्रद्घा और आस्था भी व्यक्त करें, प्रसाद की तरह उसे ग्रहण करें. लोग-बाग़ करते भी, सिर्फ इसी एक आधार पर की वे दोनों बहुत बड़ी भक्तिन हैं. लेकिन छम्मक्छल्लो की परेशानी थी की वो जितनी बड़ी भक्त थीं, उतनी ही ज़्यादा कट्टर भी. तो क्या भक्ति कात्तारता को जन्म या बढावा देती है?
छम्मक्छल्लो के स्कूल में हर परीक्षा के समय पाक विज्ञान की भी परीक्षा होती थी, जिनमें लड़कियों को दिए गए मेनू के अनुसार चीजें बनाकर अध्यापिकाओं को टेस्ट करानी होती थीं. हालांकि यह अभिभावकों की नज़र में खाने-पीने का एक बहाना माना जाता और इसकी खूब आलोचना होती. मगर परीक्षा में पास करने के लिए इस परीक्षा में भी शामिल होना कटाई ज़रूरी था. सो सभी टीचर्स एक लम्बे टेबल पर बैठतीं थीं और उनके सामने स्कूल में लगे केले के पेडों से तोडे केले के पत्ते बिछा दिए जाते थे. सभी परीक्षार्ती उसी पत्ते पर अपनी बनाई हुई चीजें परसतीं. राम-कृष्ण भक्त टीचर्स के लिए भी पत्ते लगते, लेकिन वे न तो आतीं, न खातीं. लेकिन यह भी नहीं होता कि उनके नाम के पत्ते न लगें. तब तो अहम् पर चोट लगनेवाली बातें होतीं. इन पत्तों में भी एक पत्ता अलग से लगा होता, मुसलमान छात्राओं द्वारा बना कर लाइ गई चीजें इन्हीं पत्तों पर परोसी जातीं. इन्हें कोई भी नहीं खाता. इन पत्तों को उठा कर फिर से उसतानी जी के यहाँ भिजवा दिया जाता. उसतानी जी उन्हें अपनी छात्राओं में बाँट देतीं. यह भी तब किसी ने नहीं पूछा कि अगर आपको खाना ही नहीं है तो उनसे परीक्षा क्यों ले रही हैं? लेकिन नहीं, गलत कह गई, उनके यहां की चीजें टेस्ट करने के लिए उस्तानी जी से कहा जाता. वे चखती और अपनी सहमति-असहमति दर्ज करतीं और उस हिसाब से उस छात्रा को अंक मिलते.
छम्मक्छल्लो के पाठक कहते हैं कि हिन्दुओं की बुराई ही वह क्यों करती है? उन सबसे यह कहना चाहती है कि यह बुराई का वर्णन नहीं है, यह वे स्थितियां हैं जो किसी को भी अपने ही देश में, समाज में दोयम दर्जे का बनाती है. हिन्दू हिन्दुस्तान मैं हैं और बहुसंख्या में हैं, उस नाते उन्हें अपने में अहसास है की वे बड़े हैं. छम्मक्छल्लो का कहना है की अगर वे बड़े भाई है, तो बड़े भाई के कर्तव्य का पालन करें. बड़े भाई का कर्तव्य होता है कि वह्सभी के साथ प्रेम, मेल बना कर रखे न कि खुद भी नफ़रत का पाठ पढ़े और दूसरों को भी पढाएं. अगर वह ऐसा करता है तो किस बात का वह बड़ा भाई या किस लिए उसे श्रेष्ठ कहा जाये? दूसरी बात छम्मक्छल्लो खुद उस तथाकथित हिन्दू परिवार से है. तो अपने घर की बातें उसे दूसरों के घर से अधिक पता है. उसकी तो यही कोशिश होगी कि वह पहले अपने घर के जाले को साफ़ करे. छम्मक्छल्लो आज भी याद करती है तो उसे आर्श्चय होता है कि कैसे उस्तानी जी यह सब करते -करते वक़्त सामान्य बनी रहती थीं. छम्मक्छल्लो इस बात की कल्पना से ही घबरा जाती है कि कोई उससे इस तरह के भेद-भाव करे. वह तो उस जगह, उस घर जाना छोड़ देगी. मगर अपने ही घर और अपने ही देश में अपने ही लोगों द्वारा यह सब हो तो कोई कैसे सहे और क्यों सहे?
Thursday, May 21, 2009
आइये करें मंदिरों में छेड़छाड़
बात बहुत पुरानी है. छाम्माक्छाल्लो के बचपन की. उसके घर के पास एक मंदिर था. अन्यों की तरह छाम्माक्छाल्लो भी कभी माँ के साथ तो कभी मोहल्ले की भाभियों, चाचियों के साथ वहां जाया करती थी. मंदिर छोटा था, मगर बहुत प्रसिद्द था. वहां हर आम मंदिर की तरह राम से लेकर शंकर, गणेश, हनुमान सभी की मूर्तियाँ थीं और सभी अपनी-अपनी श्रद्धा के अनुसार सभी वहां जाते रहते थे. मंदिर में ही एक धर्मशाला भी थी, जिसमें शादी-ब्याह के अवसर पर मोहल्ले की बेटियों की बरात टिका करती थी. वहां एक कुँआ था, जिसमें से लोग अपने काम-काज के साथ-साथ पूजा-पाठ के लिए भी पानी भरते थे. मंदिर के अहाते में आम, अमरूद के पेड़ों के साथ-साथ गेंदा, गुलाब, बसंत मालती के फूल भी होते थे. श्रद्धालू इन फूलों से पूजा करते थे. कुल मिला कर माहौल बहुत अच्छा था.
वहां केवल एक ही कमी थी, मंदिर के पुजारी बहुत गांजा पीते थे और बहुत क्रोधी थे, क्रोध में आते तब बहुत गंदी-गंदी गालियाँ देते. मगर इसके अलावा और कुछ नहीं. कभी किसी ने उन्हें किसी भी लफडे में पड़ते नहीं देखा, कुछ गलत करते नहीं देखा.
जब बरात आती किसी की भी, महिलाओं का मंदिर जाना रुक जाता. बारातियों को जैसे जन्म सिद्ध अधिकार मिल जाता था बदतमीजी करने के लिए. जैसे ही किसी महिला को देखा नहीं, कि शुरू और अगर उनके साथ कोई लड़की हो तब तो उनकी बदतमीजी का कोई ठिकाना ही नहीं होता था. महिला, लड़की या उसके परिवार के लोग इसलिए बारातियों को कुछ कह नहीं पाते थे कि किसी की बेटी की शादी का सवाल होता. इसलिए यही बेहतर समझा जाता कि ऐसे वक़्त मंदिर न जाया जाये.
मंदिर में अक्सर राम चरित मानस का नौ दिनों तक चलनेवाला नवाह पाठ होता. बड़े पैमाने पर उसका आयोजन होता. शहर के सभी लोग उसमें अपना यथासम्भव योगदान देते. नवाह पाठ के लिए पंडितों की टीम होती जो बारी-बारी से नवाह पर बैठते. मुख्य पाठकर्ता मानस की चौपाई बोलते और पूरी टीम उसे दुहराती. इनके साथ -साथ शहर के अनेक स्त्री-पुरुष, बच्चे होते, जो मानस की चौपाई को दुहराते. शाम में किसी बाबा का प्रवचन होता जिसे सुनने के लिए भारी संख्या में स्त्री -पुरुष पहुंचते. इस पाठ या प्रवचन में न जाना जैसे इसका अपमान माना जाता और न जानेवालों को बड़ी हिकारत की नज़र से देखा जाता. छाम्माक्छाल्लो की माँ अपनी स्कूली व्यस्तता के कारण जाने से रह जातीं, जिसका उन्हें बड़ा मलाल होता. छाम्माक्छाल्लो भी कभी-कभी अपने मोहल्ले की चाचियों, भाभियों या हम उम्र के साथ निकल जातीं.
उस बार नवाह का आयोजन था. छाम्माक्छाल्लो अपनी एक सहेली के साथ नवाह में गई थी. बैठने से बेहतर था कि साथ-साथ मानस का पाठ कर लिया जाय. छाम्माक्छाल्लो और उसकी सहेली एक-एक मानस ले कर पाठ के लिए बैठ गई. आमने-सामने पंडितों की टोली थी. सामने एक ३०-३२ साल का भी पंडित था. वह पाठ करते-करते बार-बार छाम्माक्छाल्लो की सहेली की ओर देख लेता. उसकी नज़रों में कुछ सहजता न थी, इसे छामाक्छाल्लो उस छोटी सी उम्र में भी महसूस कर गई थी. (हमारे छेड़छाड़ वाली मानसिकता को सलाम) वह इधर-उधर देख रही थी कि तभी एक फूल उसकी सहेली के मानस पर आ कर गिरा. छाम्माक्छाल्लो चौंकी. उसे लग तो गया था कि यह उस पंडित का ही काम हो सकता है, मगर वह आश्वस्त नहीं थी. अब उसका मानस के पाठ में ध्यान नहीं रह गया था. वह बार-बार बेचैनी से इधर-उधर देख रही थी कि दूसरा फूल भी आकर गिरा. इस बार उसने उस पंडित को फूल फेकते हुए देख लिया था. बड़ी सफाई से उस पंडित ने मानस का पाठ करते-करते पूजा केफूलों में से एक फूल उठाकर उसकीसहेली की तरफ उछाल दिया था. तब लड़कियों को कहाँ यह सीख दी जाती थी कि कोई तुम्हारे साथ ऎसी हरक़त करे तो तुंरत उसकी पोल खोल दो. यहाँ तो उसे ही दोषी ठहराया जाने लगता है कि ज़रूर उसी ने कोई हरक़त की होगी, वरना इतनी लड़कियां, औरतें वहां हैं, किसी और के साथ तो ऎसी कोई बात नही हुई. वे दोनों बेहद डर गईं. उस पंडित को तो कुछ कहने की हमने हिम्मत थी नहीं, लिहाजा वहां से चुपचाप उठा कर वे दोनों आ गईं.
दूसरे दिन भी जाने पर वही खेल. अब उस पंडित की आन्खोंं में एक जबरदस्त गुंडई मुस्कान होती. वह किस्सी फिल्म के विलेन की तरह लगता. उसकी और देखने की हिम्मत न होती. जब कभी नज़र मिल जाती तो पाठ करते-करते भी उसके चहरे पर एक कमीनी मुस्कान तैर जाती. उस मुस्कान में इतनी अश्लीलता होती कि छाम्माक्छाल्लो सिहर उठी. आज भी उस नज़र को यद् करा के वह सिहर उठी है.
शाम में प्रवचन होता. एक बाबा जी थे, बड़े-बड़े बाल- भांग से चढी लाल-लाल अधखुली आँखें. वे दो-चार लाइन प्रवचन में कुछ बोलते, फिर कोई भजन या मानस की लाइन अपने हारमोनियम पर गाते और बेतरह झूमने लगते. उनके झूमने से उनके बाल भी बुरी तरह झूमते और. खूब देर तक झूमने के बाद वे एक झटके से सर उठाते, उनकी आँखें तब और भी लाल हो गई रहती, पान सेभरे मुंह से पीक भी निकल कर फ़ैल गई होती, स्त्रियाँ और पुरुषगन जय हो के नारे लगाने लगते.
इस तरह के प्रवचन या सत्संग में स्त्री और पुरुषों के बैठने की अलग-अलग जगह होती. उस रात छाम्माक्छाल्लो भी अपने मोहल्ले की चाची के साथ प्रवचन सुनने गई थी. बाबा जी का झूमना उसे बेहद असहज लग रहा था. कुछ देर बाद उसने लक्ष्य किया कि बाबा झूमने के बाद सर को झटका देने के बाद स्त्रियोवाले घेरे में एक ख़ास जगह पर देखते और वहां अपनी नज़रें स्थिर कर लेते. उनकी नज़रों का पीछा करने पर पता चला कि वहां मोहल्ले की एक नव विवाहिता और बेहद सुन्दर बहू बैठी है. अपनी उम्र, शादी आदि के हिसाब से उसने रंगीन साड़ी पहन रखी थी और थोडा मेक अप किया हुआ था. उस बाबा जी को किसी ने कुछ नहीं कहा, सब उनके प्रवचन पर लहालोट होते रहे, मगर उस बहू पर सबने लानते-मलामतें भेजनी शुरू कर दी कि क्या ज़रुरत थी ऎसी चटक-मटक साड़ी पहनने की, कि ठोर रांगेने की कि स्नो- पाउडर लगाने की.
यह हमारा धर्म है, जिसे बेहद सहिष्णु, बेहद पवित्र, बेहद ऊंचा माना जाता है. धर्म ज़रूर ऊंचा होगा, मगर धर्म के आसन पर बैठनेवाले ये तथाकथित लोग धर्म की आड़ में क्या-क्या गुल खिलाते हैं, इसे कौन देखेगा, कौन सोचेगा? बहू को तो बिना बोले फतवा मिल गया, छाम्माक्छाल्लो या उसकी सहेली उस पंडित के बारे में बोलती तो उसे भी यही सब सुनने को मिलता. इस गलीज हरक़त के खिलाफ क्या वे लोग बोलेंगे जो आज भी धर्म या देवी-देवता के नाम पर आक्रामक हो जाते हैं, क्योंकि आज भी यह सब मानसिकता नहीं बदली है और न बदली है छेड़छाड़ की प्रवृत्ति.
Thursday, January 29, 2009
धर्म और राजेन्द्र बाबू
राजेन्द्र बाबू की आरंभिक शिक्षा मौलवी साहब के हाथों हुई, जिनसे वे उर्दू-फारसी पढ़ते थे। दशाहेरे के समय मौलवी साहब उर्दू में भगवान रामचंद्र पर कविता लिखा कर बच्चों को सिखाते, उनसे गवाते। इसी प्रकार मुहर्रम पर हिन्दू लडके पैक बनाकर जुलूस में चलते थे। खान-पान में पूरा बर्ताव होने के बावजूद पारस्परिक प्रेम भावना आज से कहीं अधिक थी। एक दूसरे पर पूरा भरोसा था।
वकालत की परीक्षा पास कराने पर राजेन्द्र बाबू ने दो साल तक खान बहादुर सैयद शमाशुला हुडा के यहाँ काम किया। उनके साथ उंके सम्बन्ध बड़े मधुर रहे। वकालत के प्रशिक्षण के बाद जब राजेन्द्र बाबू ने अपनी वकालत शुरू की तो उनके मुंशी थे मौलवी शराफत हुसैन। उनके लिए सामिष भोजन की पूरी छूट थी। यह सब आज अजूबा लग रहा होगा, क्योंकि आज धर्म और राजनीति में ऊंची-नीची जाती आदि का महत्त्व इतना बढ़ गया है की सामाजिक सम्बन्ध टूट से गए हें और जातिवाद और स्वार्थ ने समबन्धों में बिखराव ला दिया है। लेकिन राजेन्द्र बाबू की प्रकृति इसके उलटी रही और वे अपने मुसलमान दोस्तों के साथ भी उतने ही प्रेम भाव के साथ रहे, जैसे की वे निकट के रिश्तेदार हों।


